नाहन : खजूरना स्थित लोहे के पुल के पास बीती रात एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर मारने के बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल संख्या HP71A7255 पर सवार होकर दो युवक खजूरना लोहे के पुल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।

घायलों की पहचान अरविंद पाल सिंह (पुत्र स्वर्गीय परमजीत सिंह, निवासी गांव बनकला, नाहन) और संदीप ठाकुर (पुत्र रविंद्र सिंह, निवासी बनेठी) के रूप में हुई है। हादसे में दोनों युवकों की टांग और बाजू में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी पिकअप चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन सहित वहां से रफूचक्कर हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर नाहन पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ नए कानून के तहत धारा 281, 125A BNS (भारतीय न्याय संहिता) और 187 MV Act (मोटर वाहन अधिनियम) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।