सोलन: जिला सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी अपने अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। दाड़लाघाट पुलिस ने चरस तस्करी के मामले में बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए जिला कुल्लू से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों के अंतर-जिला नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

इस पूरे मामले का खुलासा 21 अप्रैल 2026 को हुआ था, जब दाड़लाघाट पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गाँव खाता में एक किराये के कमरे पर दबिश दी थी। उस दौरान एक नेपाली युवक के कब्जे से 491 ग्राम चरस बरामद की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत से 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था।
पुलिस रिमांड के दौरान जब आरोपी से गहन पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि बरामद चरस उसने जिला कुल्लू के जेरी गाँव में रहने वाले एक अन्य व्यक्ति से खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी की बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। साक्ष्यों के आधार पर कुल्लू के 41 वर्षीय मुख्य सप्लायर की पहचान सुनिश्चित की गई। दाड़लाघाट पुलिस की टीम ने कुल्लू के जेरी गाँव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नेटवर्क कुल्लू से सोलन तक और कहाँ-कहाँ फैला हुआ है।
जिला सोलन पुलिस का स्पष्ट कहना है कि वे केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उन मुख्य सप्लायरों तक भी पहुँचेंगे जो पर्दे के पीछे से नशे का कारोबार चला रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच और पूछताछ जारी है।