जिला स्तरीय रंगोत्सव में नारग स्कूल के रुद्र ने पेंटिंग में जीता प्रथम स्थान, राज्य स्तर के लिए चयनित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : डाइट में आयोजित जिला स्तरीय ‘रंगोत्सव’ प्रतियोगिता में पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारग के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कला का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता की पेंटिंग स्पर्धा में विद्यालय के आठवीं कक्षा के छात्र रुद्र ने ‘प्यारा हिमाचल’ शीर्षक पर अत्यंत आकर्षक और मनोरम चित्र बनाकर प्रथम स्थान हासिल किया। इस शानदार उपलब्धि के साथ ही रुद्र का चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हो गया है, जहाँ वे आगामी दिनों में हमीरपुर में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में भी विद्यालय की छात्राओं ने अपनी अनूठी सोच से सबका ध्यान आकर्षित किया। छठी कक्षा की छात्राओं शिवांशी और शिवन्या ने ‘जीरो इन्वेस्टमेंट’ (शून्य लागत) की अवधारणा पर आधारित प्राकृतिक सामग्री का उपयोग करते हुए एक सुंदर जैविक रंगोली तैयार की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती यह रंगोली पूरे कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रही और इस जोड़ी ने द्वितीय स्थान अपने नाम किया।

विद्यार्थियों की इस दोहरी सफलता पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश और विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष अरुण पंवर ने विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। साथ ही, उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रुद्र को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे हमीरपुर में भी जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed