मंडी: हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का एक शानदार अवसर सामने आया है। टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड नालागढ़ ने फ्लोर स्टाफ (स्पेयर पार्ट्स हैंडलिंग) के 200 नियमित पदों पर भर्ती निकाली है। मंडी के जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इन पदों को भरने के लिए मंडी जिला के अलग-अलग रोजगार कार्यालयों में 19 से 21 नवंबर 2026 तक सीधे साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। चयनित युवाओं को सोलन जिले के नालागढ़ में नियुक्ति दी जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?
शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं पास या इससे अधिक है जबकि आयु सीमा 18 से 40 वर्ष के बीच रखी गई है। इस भर्ती में केवल पुरुष उम्मीदवार ही भाग ले सकते हैं। साथ ही, अभ्यर्थी का नाम हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में दर्ज होना अनिवार्य है।
वेतन और अन्य बेहतरीन सुविधाएं
रोजगार अधिकारी ने बताया कि कंपनी की ओर से चयनित उम्मीदवारों को शानदार पैकेज और सहूलियतें दी जाएंगी। मासिक वेतन 14,300 रुपये प्रति माह। साथ ही ईपीएफ (कर्मचारी भविष्य निधि) और ईएसआई (कर्मचारी राज्य बीमा) का लाभ व दो समय का मुफ्त भोजन, दो समय की चाय और मुफ्त बस की सुविधा मिलेगी। साथ ही ओवरटाइम करने पर अलग से पारिश्रमिक दिया जाएगा।
इंटरव्यू का पूरा शेड्यूल
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, उनकी फोटोकॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो और रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र के साथ सुबह 10:30 बजे 19 नवंबर 2026 को उप-रोजगार कार्यालय, पधर, 20 नवंबर 2026 को जिला रोजगार कार्यालय, मंडी व 21 नवंबर 2026 को उप-रोजगार कार्यालय, गोहर साक्षात्कार के लिए पहुंच सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी तरह का यात्रा भत्ता (TA/DA) नहीं दिया जाएगा। भर्ती से जुड़ी किसी भी अन्य जानकारी के लिए युवा जिला रोजगार कार्यालय मंडी के फोन नंबर 01905-235508 या संबंधित नियोक्ता (कंपनी) के मोबाइल नंबर +91-92176-69490 पर संपर्क कर सकते हैं।