सोलन: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोलन में आयोजित एक जिला स्तरीय कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसकी जिम्मेदारियों पर गहन मंथन किया गया। भारतीय प्रेस परिषद (PCI) द्वारा निर्धारित विषय ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ पर केंद्रित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोलन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रमेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदार और निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र की मजबूती का मुख्य आधार है।
एएसपी रमेश शर्मा ने पत्रकारों का आह्वान किया कि वे अपनी नैतिक जिम्मेदारी को समझें और हमेशा तथ्यों के आधार पर ही काम करें। उन्होंने आज के समय में टीआरपी और ‘ब्रेकिंग न्यूज़’ की अंधी दौड़ पर चिंता जताते हुए कहा कि तथ्यों की सत्यता से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल सनसनी फैलाना पत्रकारिता का मकसद नहीं हो सकता। सच्ची पत्रकारिता वही है जो बिना किसी दबाव के जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाए और समाज को एक सही दिशा दिखाए।

इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के कई पत्रकारों ने भी बेबाकी से अपने विचार रखे। पत्रकार यशपाल कपूर ने कहा कि आज के दौर में सनसनी से ज्यादा जिम्मेदारी की जरूरत है और लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए खबर भेजने से पहले तथ्यों की जांच (Fact-check) जरूर होनी चाहिए। वहीं, पवन ठाकुर ने पत्रकारिता के पेशे में घुसपैठ को रोकने के लिए योग्यता तय करने की वकालत करते हुए भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने की जरूरत पर बल दिया। पत्रकार कीर्ति कौशल ने सभी से अपने काम को एक ‘मिशन’ की तरह लेने और सिर्फ सुर्खियों में बने रहने की चाह से दूर रहने की अपील की।
इसी कड़ी में पत्रकार मोहन चौहान और अमित डोभाल ने भी अपने अनुभव साझा किए। उनका मानना था कि सोशल मीडिया के इस दौर में लोग खुद वीडियो बनाकर अपनी समस्याएं मीडिया तक पहुंचा रहे हैं, इसलिए निष्पक्ष और संतुलित पत्रकारिता करते हुए खबरों की सच्चाई जांचना अब और भी ज्यादा जरूरी हो गया है। पत्रकार तोमर ठाकुर ने कहा कि एक जिम्मेदार पत्रकार हमेशा लोगों की नजर में रहता है और जमीनी स्तर की पत्रकारिता ही लंबे समय तक उसकी दशा और दिशा तय करती है।
डिजिटल युग की चुनौतियों पर बात करते हुए पत्रकार भूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया पर अलग दिखने की होड़ में भ्रामक सूचनाएं लगातार बढ़ रही हैं, इसलिए बिना सत्यता जाने लोगों को खबर परोसने से बचना चाहिए। पत्रकार रीता ठाकुर और मोहिनी सूद ने भी इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारिता का उद्देश्य सिर्फ खबर दिखाना नहीं, बल्कि समाज को सच से रूबरू करवाना है। उन्होंने कहा कि सनसनी कुछ पल के लिए पाठक जुटा सकती है, लेकिन गंभीर और निष्पक्ष पत्रकारिता सालों तक भरोसा कायम रखती है। ऐसे में शीर्षकों में संयम और प्रकाशन से पहले जानकारी की पुष्टि बेहद जरूरी है।
इस कार्यक्रम में विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के ब्यूरो प्रमुखों व संवाददाताओं के साथ-साथ जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।