त्रिलोकपुर में कर्मकाण्ड व ज्योतिष कार्यशाला सम्पन्न

नाहन : त्रिलोकपुर स्थित यात्रि निवास में तीन दिवसीय कर्मकाण्ड एवं ज्योतिष प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल समापन हुआ। यह कार्यशाला 26 मई से 28 मई तक हि.प्र. संस्कृत अकादमी के सौजन्य से आयोजित की गई, जिसका शुभारंभ डॉ. ओम प्रकाश राही के करकमलों द्वारा हुआ।

कार्यशाला के पहले दिन संयोजक लायक राम शास्त्री ने समय की सबसे सूक्ष्म इकाई ‘त्रुटि’ से लेकर ‘कल्प’ पर्यन्त कालगणना की विस्तृत जानकारी दी। दूसरे दिन डॉ. राधेश्याम जी ने समय शुद्धि विषय पर गहन प्रशिक्षण दिया।

तीसरे दिन प्रातःकालीन सत्र में वेदाचार्य डॉ. सन्नी कुमार ने वेदों की ऋचाओं और सस्वर “आनो भद्राः” सूक्त का अभ्यास करवाया। साथ ही कर्मकाण्ड की विधियों का विस्तृत ज्ञान भी प्रदान किया। इसके अतिरिक्त डॉ. सोम दत्त ने षोडश संस्कारों की महत्ता और उनके विधिक पक्ष पर प्रकाश डाला।

समापन अवसर पर महामण्डलेश्वर श्री श्री 1008 दयानन्द भारती मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. गिरिराज ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कृत विद्यालय फागलो के प्राचार्य मुकेश शर्मा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एसएमसी प्रधान अनिता सिंह, जगदीश कुमार व नरेन्द्र तथा स्थानीय विद्यालय की शास्त्री दीपिका सहित कई विद्यार्थी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम संयोजन में लायक राम भारद्वाज की विशेष भूमिका रही।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।