नाहन ITI का राजेश धर्माणी ने लिया जायजा: बोले- नगर परिषद CLC भवन आईटीआई को सौंपे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने अपने नाहन दौरे के दौरान औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया और छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान प्रबंधन और प्रशिक्षकों के साथ बैठक कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता में और सुधार लाने तथा आधुनिक तकनीकों के समावेश पर चर्चा की।

निरीक्षण के उपरांत मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री ने आईटीआई परिसर में निर्मित सिटी लाइवलीहुड सेंटर भवन के बेहतर उपयोग को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि यह भवन हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (HPKVN) के एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) प्रोजेक्ट के तहत बनाया गया है, जो वर्तमान में नगर परिषद नाहन के अधीन आता है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि मौजूदा समय में इस भवन का समुचित और सही उपयोग नहीं हो पा रहा है, जबकि आईटीआई प्रबंधन ने इसे संस्थान के सुपुर्द करने की मांग उठाई है।

राजेश धर्माणी ने कहा कि आईटीआई परिसर के भीतर स्थित होने के कारण यदि इस भवन का नियंत्रण संस्थान को सौंप दिया जाए, तो आईटीआई अपनी विस्तार योजनाओं और प्रशिक्षण जरूरतों के अनुसार इसका कहीं अधिक प्रभावी इस्तेमाल कर सकती है। उन्होंने कहा कि भवन के हस्तांतरण से प्रशिक्षुओं के लिए अतिरिक्त कक्षाएं, लैब या कौशल विकास की अन्य गतिविधियां सुचारू रूप से चलाई जा सकेंगी, जिससे युवाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

भवन हस्तांतरण की प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से तकनीकी शिक्षा मंत्री ने नगर परिषद नाहन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों, नगर परिषद और कौशल विकास निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस मामले का जल्द समाधान निकाला जाना चाहिए, ताकि सरकारी संपत्ति का सही और जनहित में अधिकतम इस्तेमाल सुनिश्चित हो सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।