नाहन की नौरीन बनी नेशनल स्टार, गूगल जैमिनी के विज्ञापन में किंग खान के साथ आईं नजर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : अगर इरादे मजबूत हों और कड़ी मेहनत करने का जज्बा हो, तो छोटे शहरों की गलियों से निकलकर भी राष्ट्रीय पटल पर चमक बिखेरी जा सकती है। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के मुख्यालय नाहन के अमरपुर मोहल्ले की बेटी नौरीन खान ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है। आज नौरीन तकनीक के दिग्गज ब्रांड ‘गूगल जैमिनी’ के राष्ट्रीय टीवी विज्ञापन में बॉलीवुड के ‘किंग खान’ यानी शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आ रही हैं।

नौरीन का यहां तक पहुंचना किसी संघर्ष गाथा से कम नहीं है। वह एक बेहद साधारण और मेहनतकश परिवार से आती हैं। उनके पिता नासिर खान पेशे से कारपेंटर हैं, जिन्होंने तमाम मुश्किलों के बावजूद अपनी मेहनत से बच्चों के सपनों को कभी टूटने नहीं दिया। परिवार को आर्थिक संबल देने और बहनों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए, इसलिए उनके भाई आकिब खान ने पिता के कारपेंटर के काम को संभाल लिया। परिवार का माहौल ही ऐसा है कि जहां एक बेटी अभिनय और मॉडलिंग की दुनिया में परचम लहरा रही है, वहीं उनकी दूसरी बहन यूपीएससी (सिविल सेवा) की तैयारी में जुटी हैं।

गूगल जैमिनी के इस चर्चित कमर्शियल में नौरीन का आत्मविश्वास और कैमरे के सामने उनकी सहज अदाकारी देखने लायक है। इतने बड़े ग्लोबल सुपरस्टार के सामने बिना किसी हिचकिचाहट के उन्होंने जिस परिपक्वता से काम किया है, वह उनके हुनर की गवाही देता है। इस विज्ञापन के ऑन-एयर होने के बाद से ही नाहन शहर में हर तरफ नौरीन की इस कामयाबी की चर्चा हो रही है।

नौरीन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई नाहन के गर्ल्स स्कूल से पूरी करने के बाद यहीं के पीजी कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने मॉडलिंग का कोई औपचारिक (फॉर्मल) प्रशिक्षण नहीं लिया है, बल्कि अपने प्राकृतिक आत्मविश्वास, लगन और खुद पर भरोसे के दम पर उन्होंने इस इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई है।

गूगल जैमिनी से पहले भी नौरीन अपनी एक्टिंग स्किल्स का लोहा मनवा चुकी हैं। हाल ही में वह देश की वित्तीय नियामक संस्था ‘सेबी’ (SEBI) के एक बड़े राष्ट्रीय टीवी कमर्शियल में भी मुख्य भूमिका में दिखाई दी थीं। इसके अलावा, वे कई अन्य प्रतिष्ठित ब्रांड्स के विज्ञापनों, फिटनेस कैंपेन और मॉडलिंग असाइनमेंट्स का नियमित हिस्सा रही हैं। ऑडिशन से लेकर रिहर्सल और शूटिंग सेट तक का उनका सफर उनके पेशेवर रवैए को साफ बयां करता है।

दिल्ली और मुंबई जैसी जगहों पर काम के सिलसिले में व्यस्त रहने के बावजूद नौरीन अपनी माटी और जड़ों से पूरी तरह जुड़ी हुई हैं। फुर्सत मिलते ही वह अपने गृह नगर नाहन दौड़ आती हैं। उनके अनुसार, ग्लैमर की इस दुनिया में शुरुआत करना आसान नहीं था। शुरुआती दौर में उन्हें कई चुनौतियों और अजनबियत का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी अपना आत्मबल नहीं टूटने दिया।

बातचीत में नौरीन का कहना है कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए खुद पर अटूट विश्वास होना सबसे जरूरी है। उन्होंने माना कि अभी उनकी मंजिल काफी दूर है और इस मुकाम को बनाए रखने के लिए उन्हें लगातार कठिन परिश्रम करना पड़ रहा है। आज वह भले ही आत्मनिर्भर बन चुकी हैं, लेकिन उनकी सादगी और जमीन से जुड़े रहने की आदत यह बताती है कि सफलता इंसान को कभी उसकी असलियत से दूर नहीं करती।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।