नाहन : जमटा में पड़ोसियों के बीच मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चेवण (डाकघर जमटा, तहसील नाहन, जिला सिरमौर) की रहने वाली सुमन देवी पत्नी केशवानंद ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 30 जुलाई को वह अपनी गायों को चराने के लिए जा रही थी। उसी दौरान उसका पड़ोसी तेजवीर हाथ में एक बड़ा डंडा लेकर उसे मारने की नीयत से आया।

पीड़िता का आरोप है कि तेजवीर ने उसका रास्ता रोक लिया और अचानक उसके सिर पर डंडे से जोर से वार कर दिया। हमले के साथ-साथ आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में आरोपी तेजवीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगामी जांच जारी है।