नाहन: जमटा में मोबाइल चार्ज करना पड़ा भारी, चोरी का आरोप लगाकर युवक को पीटा; केस दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जमटा में मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए चार्जिंग प्वाइंट ढूंढ रहे एक युवक के साथ चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी शिकायत में अरुण कुमार (पुत्र बलबीर सिंह, निवासी गांव व डाकघर छोऊ भोगर, तहसील रेणुकाजी) ने बताया कि 11 सितंबर को वह अपने घर से नाहन की ओर जा रहा था। रास्ते में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। फोन चार्ज करने के लिए वह जमटा में स्थित एक मोबाइल टावर के पास चार्जिंग प्वाइंट देखने चला गया।

पीड़ित का आरोप है कि वहां मौजूद गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और बाद में टावर कंपनी से जुड़े व्यक्तियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद उन लोगों ने उस पर टावर का सामान चोरी करने का झूठा आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने स्पष्ट किया है कि उसने टावर से कोई सामान चोरी नहीं किया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, विन्नत गुलाटी और अध्धर सिंह नाम के व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे काफी चोटें आई हैं। नाहन पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की आगामी तफ्तीश जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।