नाहन : ग्राम पंचायत देवनी में रविवार को मारकंडा नदी पार करते समय बुजुर्ग महिला के पानी के तेज बहाव में बहने की दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश है। इस दुखद हादसे के तुरंत बाद सोमवार को पंचायत प्रधान विक्रांत राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा से मुलाकात की और मारकंडा नदी पर जल्द से जल्द पुल निर्माण की मांग उठाई।
ग्राम पंचायत प्रधान विक्रांत राणा और प्रतिनिधिमंडल में शामिल स्थानीय निवासियों ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में बताया कि देवनी पंचायत और खेड़ा खरनी के बीच मारकंडा नदी पर लंबे समय से पुल की बेहद सख्त जरूरत है। वर्तमान में दोनों क्षेत्रों का आपस में संपर्क कटा हुआ है और लोगों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। इतना ही नहीं, रोजाना दर्जनों छोटे-छोटे स्कूली बच्चे भी इसी नदी को पार करके मोगीनंद स्कूल आते-जाते हैं, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि रविवार को देवनी निवासी अनवरी देवी अपनी बहू और पोते के साथ नदी पार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आए तेज बहाव में बहने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हालांकि परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह बच गए, लेकिन बुजुर्ग महिला को बचाया नहीं जा सका। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते देवनी से खेड़ा खरनी के बीच पुल का निर्माण करा दिया गया होता, तो आज इस बुजुर्ग महिला की जान बच सकती थी।
पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से जोर देकर मांग की है कि देवनी में मारकंडा नदी पर तुरंत पुल निर्माण की मंजूरी दी जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित रास्ता मिल सके और भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को ध्यानपूर्वक सुना और मामले पर उचित कदम उठाने का भरोसा दिलाया।