नाहन : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जिला सिरमौर में संपन्न हुए पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों के परिणामों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि इन चुनावों में जिला सिरमौर की जनता ने कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से नकार दिया है, जिसके चलते उसे करारी हार का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस की स्थिति इतनी दयनीय रही कि पार्टी एक भी उम्मीदवार का नामांकन तक दाखिल नहीं कर पाई। वहीं, बीडीसी नाहन और बीडीसी पांवटा साहिब में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने की कगार पर पहुंच गया, जबकि नाहन विधानसभा क्षेत्र की तीनों जिला परिषद सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा और शानदार विजय प्राप्त की है।

डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन नगर परिषद चुनाव का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ के 13 वार्डों में से 7 पार्षदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी, जिससे स्पष्ट था कि जनता ने नगर परिषद की कमान भाजपा को सौंपने का स्पष्ट जनादेश दिया था।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, 17 मई को चुनाव संपन्न होने के बाद नियमानुसार 25 मई से पहले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हो जाना चाहिए था। लेकिन कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक के भारी दबाव में आकर प्रशासन ने इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जानबूझकर लंबे समय तक लटकाए रखा। डॉ. बिंदल ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा स्थानीय विधायक को मतदान का अधिकार न होने का फैसला दिए जाने के बावजूद, प्रशासनिक और राजनीतिक दबाव के जरिए जनमत को प्रभावित करने का हरसंभव प्रयास किया गया।
सिद्धांतों पर अडिग रहे भाजपा पार्षद, सत्ता के दुरुपयोग से हुआ बराबरी का खेल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पार्षदों की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि एक महीने से अधिक समय तक कांग्रेस ने साम, दाम, दंड, भेद जैसे हर प्रकार के राजनीतिक हथकंडे अपनाए। इसके बावजूद भाजपा के सातों पार्षद अपने सिद्धांतों पर पूरी मजबूती से अडिग रहे और उन्होंने पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में ही मतदान किया।
उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी और सत्ता के नंगे दुरुपयोग के बल पर कांग्रेस ने किसी तरह स्थिति को बराबरी (टाई) पर लाकर खड़ा किया, जिसके बाद अंततः लॉटरी (पर्ची) के माध्यम से अध्यक्ष पद का फैसला हुआ। डॉ. बिंदल ने जोर देकर कहा कि इसके बावजूद उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रदीप कुमार की शानदार जीत ने यह पूरी तरह साफ कर दिया है कि स्थानीय जनमत आज भी भाजपा के साथ ही मजबूती से खड़ा है।
कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि यह मामला केवल अध्यक्ष या उपाध्यक्ष की कुर्सी का नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक जनादेश के सम्मान और उसकी गरिमा का है। हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में यह काले अक्षरों में दर्ज होगा कि किस प्रकार एक चुनी हुई सरकार ने जनता के स्पष्ट फैसले को प्रभावित करने और उसे जबरन हाईजैक करने का प्रयास किया।
बयान के अंत में डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन की प्रबुद्ध जनता का आभार व्यक्त किया और विपरीत परिस्थितियों में भी डटे रहने वाले भाजपा के सभी सातों पार्षदों को बधाई दी। उन्होंने संकल्प जताया कि जनता के इसी अटूट विश्वास और भाजपा कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम के बल पर पार्टी भविष्य में भी जनसेवा और क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक गति देगी।