नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 07 पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पैदल जा रही एक युवती की मौत हो जाने का समाचार सामने आया है। इस संबंध में मृतका के पिता प्रेम चंद (निवासी गांव व डाकघर इटारी, तहसील लहरपुर, जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश) ने पुलिस थाना माजरा में आरोपी स्कूटी चालक महिला के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना कारित करने का मामला दर्ज करवाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा 22 अगस्त 2026 की सुबह उस समय पेश आया जब शिकायतकर्ता की बेटी सोनी पौंटिका पुलिया के पास हाईवे पर अपनी सही दिशा में पैदल जा रही थी। इसी दौरान नाहन की ओर से पांवटा साहिब की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर पता करने पर स्कूटी चालक महिला ने अपनी पहचान साइदा परवीन (पत्नी चमन लाल, निवासी गांव सैलाणी, डाकघर सैणवाला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर) के रूप में बताई।

हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल सोनी को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हेल्थ केयर अस्पताल, देहरादून (उत्तराखंड) रेफर कर दिया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद चोटों के ताव न सहते हुए युवती ने 22 अगस्त 2026 की रात को ही इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने घटना की पुस्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में परिजनों द्वारा पुलिस थाना माजरा में 11 सितंबर को शिकायत सौंपी गई है। शिकायत के आधार पर माजरा पुलिस ने आरोपी स्कूटी चालक साइदा परवीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।