नाहन बस स्टैंड पर हुई चोरी का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर किया पर्दाफाश; 4 आरोपी शिकंजे में

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के मुख्य बस स्टैंड पर एक वरिष्ठ नागरिक का बैग चोरी होने के सनसनीखेज मामले का स्थानीय पुलिस ने महज़ 72 घंटों के भीतर सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस चौकी कच्चा टैंक और थाना नाहन की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए न केवल मुख्य आरोपी को दबोचा, बल्कि उसकी निशानदेही पर चोरी में शामिल तीन अन्य सह-आरोपियों की संलिप्तता का भी खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में शत-प्रतिशत रिकवरी करते हुए पीड़ित की पूरी नकदी, बैंक पासबुक और चेकबुक बरामद कर ली है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 7 अगस्त की शाम करीब 5:00 बजे की है। सिरमौर जिले के गांव गुंडाह क्यारी निवासी 60 वर्षीय बीर सिंह नाहन बस स्टैंड पर मौजूद थे। जब वह कुछ समय के लिए शौचालय गए, तभी अज्ञात चोरों ने मौक़ा पाकर उनका काले रंग का पिठ्ठू बैग पार कर दिया। इस बैग में बीर सिंह की SBI बैंक की पासबुक, एक चेकबुक और करीब 14,000 रुपये की नकद राशि रखी हुई थी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला (FIR संख्या 147/26) दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा पुलिस चौकी कच्चा टैंक के मुख्य आरक्षी सिद्धार्थ गौतम को सौंपा गया। सिद्धार्थ गौतम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एचआरटीसी नाहन बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। फुटेज के विश्लेषण से पुलिस को मुख्य संदिग्ध का सुराग मिला, जिसकी पहचान सतवंत सिंह (20 वर्ष), पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी मोहल्ला गोबिन्दगढ़, नाहन के रूप में हुई। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर 8 अगस्त की देर रात आरोपी सतवंत सिंह को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी सतवंत सिंह को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया। बीएसए की धारा 23(2) के तहत दर्ज बयान और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरीशुदा पिठ्ठू बैग, पासबुक तथा चेकबुक बरामद कर ली। कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान सतवंत ने खुलासा किया कि इस वारदात में उसके तीन अन्य साथी भी शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने 10 अगस्त को जालंधर निवासी सन्नी सिंह (33 वर्ष) तथा मोहल्ला गोबिन्दगढ़, नाहन निवासी पलविन्द्र सिंह (33 वर्ष) व बलिन्द्र सिंह (37 वर्ष) को अन्वेषण में शामिल किया।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि सह-आरोपियों के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) का भी इजाफा किया है। जांच के दौरान सह-आरोपी पलविन्द्र सिंह ने चोरी किए गए पूरे 14,000 रुपये नकद पुलिस के समक्ष पेश कर दिए, जिन्हें पुलिस ने फर्द के जरिए ज़ब्त कर लिया है। पुलिस ने तीनों सह-आरोपियों को बीएनएसएस के तहत कानूनी नोटिस देकर पाबंद किया है, जबकि मुख्य आरोपी सतवंत सिंह को रिमांड अवधि खत्म होने पर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 22 अगस्त 2026 तक के लिए न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।