नाहन: वामन द्वादशी महोत्सव का भव्य समापन, युवा शक्ति और प्रशासनिक सहयोग की हुई सराहना

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के ऐतिहासिक नाहन शहर स्थित चौगान मैदान में आयोजित ‘श्री वामन द्वादशी महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन सफलता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने युवाओं की अनुकरणीय भागीदारी, प्रशासनिक सहयोग और क्षेत्र की जनता के अपार उत्साह की जमकर सराहना की।

मंदिर ठाकुरद्वारा रघुनाथ जी ट्रस्ट, नाहन द्वारा आयोजित इस महोत्सव के दौरान भक्ति, संस्कृति और संगीत का संगम देखने को मिला। उत्सव की शुरुआत में प्राचीन श्री वामन मंदिर में विशाल भंडारे और प्रातःकाल भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक संध्याओं में पंजाब के प्रसिद्ध गायक रोशन प्रिंस की विशाल भजन संध्या, राजेश त्यागी और नाटी किंग कुलदीप शर्मा के पहाड़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस बार धार्मिक उत्सव को सफल बनाने में आज की युवा पीढ़ी (Gen Z और Gen Alpha) की भूमिका बेहद प्रशंसनीय रही है। विशेष रूप से नितिन, सन्नी और अनुज वैरागी जैसे युवा साथियों के प्रथम प्रयास ने यह साबित कर दिया कि जब ‘युवा शक्ति’ किसी सकारात्मक कार्य का संकल्प लेती है, तो परिणाम अद्भुत होते हैं। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि युवाओं को इस तरह अपनी समृद्ध संस्कृति, पौराणिक विरासत और धार्मिक आयोजनों से जोड़ना न केवल उनके सांस्कृतिक ज्ञान को बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें नशों व अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी बेहद मददगार साबित होगा।

महोत्सव के सुचारू व सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस व्यवस्था का विशेष आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त एकता काप्टा, एसडीएम राजीव सांख्यान, एसपी निश्चित सिंह नेगी के कुशल मार्गदर्शन व पूर्ण सहयोग की विशेष सराहना की गई। वहीं, मेले के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय पुलिस बल ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके अतिरिक्त आयोजकों ने मंदिर कमेटी के अध्यक्ष महिपाल के मार्गदर्शन, स्थानीय मीडिया बंधुओं के निरंतर सहयोग और शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा परिवारों के अमूल्य योगदान के प्रति गहरा आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आपसी रंजिशों, मनमुटाव और मतभेदों को भुलाकर जिस प्रकार नाहन के हर वर्ग और परिवार ने एकजुट होकर इस धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया, वह समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द का एक बड़ा संदेश देता है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी शहरवासियों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं का सहृदय धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने यह अटूट विश्वास भी जताया कि आने वाले वर्षों में श्री वामन द्वादशी का यह पवित्र महोत्सव और भी भव्य, सुव्यवस्थित एवं विशाल स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।