नाहन : चंडीगढ़ -देहरादून NH पर स्थित शंभूवाला के समीप रविवार शाम लगभग 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। प्राथमिक जानकारियों के अनुसार, पैदल कांवड़ लेकर आ रहे श्रद्धालु सड़क किनारे चल रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक चालक (कार्तिक निवासी शंभुवाला) और श्रद्धालु के बीच जोरदार टक्कर हो गई। समाचार लिखे जाने तक श्रद्धालु कहां के रहने वाले हैं, इस संबंध में उनकी पूरी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई थी।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के कारण कांवड़िया हुकम चंद सड़क पर गिर पड़े और चोट के गहरे प्रभाव के कारण वे बोलने की स्थिति में भी नहीं थे, जबकि बाइक चालक कार्तिक के सिर पर भी गंभीर चोट आई है।

घटना के समय मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को कॉल कर मदद मांगी, लेकिन समय पर एम्बुलेंस सुविधा नहीं मिल सकी। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय निवासियों ने बिना देरी किए एक पिकअप गाड़ी का इंतजाम किया और घायलों को इलाज के लिए तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस में औपचारिक मामला दर्ज नहीं हो सका था। हालांकि, अस्पताल प्रशासन द्वारा भेजी गई सूचना के आधार पर पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज नाहन पंहुच कर मामले की प्राथमिक जांच, कागजी कार्रवाई और श्रद्धालु की पहचान जुटाने में लग गई है।
अपील: यदि कोई भी व्यक्ति इन कांवड़ श्रद्धालु के बारे में जानकारी रखता हो या इन्हें पहचानता हो, तो कृपया तुरंत नाहन पुलिस या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।