नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनेठी के पास शनाड़ी मंदिर के समीप एक तेंदुए ने बाइक सवार व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बनेठी निवासी दर्शन शर्मा (उम्र 43 वर्ष) तेंदुए के पंजे से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित इलाज के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचे, जहां आपातकालीन वार्ड में उन्हें प्राथमिक उपचार, एंटी-रेबीज वैक्सीन और जरूरी दवाइयां दी गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनेठी निवासी दर्शन शर्मा (पुत्र श्री आत्मा राम) सुबह लगभग 10:30 बजे अपनी बाइक से नाहन की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे शनाड़ी मंदिर के समीप पहुंचे, झाड़ियों में छिपा तेंदुआ अचानक बाहर निकला और उन्हें घेरने का प्रयास करते हुए उन पर झपट और उन्हें घेरने का प्रयास किया । दर्शन शर्मा ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए बिना घबराए तुरंत अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। हालांकि, इस दौरान तेंदुए ने पीछे से पंजा मार दिया, जिससे उनके दाहिने पैर (Thigh) पर पंजे के गहरे निशान आ गए।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दर्शन शर्मा ने बताया कि यह तेंदुआ अक्सर लादू और बनेठी के आसपास के जंगलों में देखा जाता है और क्षेत्र में लगातार सक्रिय है। उन्होंने स्थानीय लोगों और राहगीरों से अपील की है कि इस रास्ते पर कोई भी व्यक्ति पैदल न निकले। इसके अलावा दोपहिया वाहन चालक भी अकेले सफर न करें और अन्य बड़ी गाड़ियों के साथ समूह में ही निकलें।
स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना के बाद से काफी दहशत का माहौल है। दर्शन शर्मा और स्थानीय निवासियों ने वन विभाग व प्रशासन से मांग की है कि लादू और बनेठी के आसपास सरकारी जंगल की भूमि पर तुरंत कंटीली तारें और बाड़ (Fencing) लगाई जाएं, ताकि जंगली जानवर मुख्य सड़क और रिहाइशी इलाकों का रुख न कर सकें।