नाहन : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के स्थापना दिवस के अवसर पर नाहन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की राजनीति में तीसरे फ्रंट के रूप में सक्रिय होने का ऐलान किया। इस मौके पर नाहन विधानसभा क्षेत्र की नई कार्यकारिणी के सदस्यों की घोषणा करने और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपने की जानकारी साझा की गई।
हिमाचल लोजपा के अध्यक्ष नितिन चौहान ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रमुख दल मौजूद हैं, लेकिन युवाओं की समस्याओं और रोजगार के प्रति किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई है। बढ़ती बेरोजगारी और नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए एक नए विकल्प की आवश्यकता है। उन्होंने हिमाचल के नौजवानों से लोक जनशक्ति पार्टी के साथ जुड़ने की अपील की और बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी प्रदेश के युवाओं को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

आगामी विधानसभा चुनावों और गठबंधन की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर अपने संगठन को मजबूत कर रही है। चूंकि लोजपा (रामविलास) केंद्र में एनडीए का हिस्सा है, इसलिए हिमाचल में सीटों के बंटवारे और गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और हाईकमान लेगा।
क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों और पूर्व में स्वीकृत स्टील प्लांट के सवाल पर उन्होंने 2003 से 2007 तक विधायक रहे अपने पिता सदानंद चौहान के कार्यकाल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने स्टील प्लांट को मंजूरी दिलाई थी, लेकिन विपक्षी दलों द्वारा इसे महज दिखावा बताकर भ्रम फैलाया गया और बाद के जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने दोहराया कि उनका राजनीति में आने का मुख्य उद्देश्य केवल युवाओं के रोजगार और उज्ज्वल भविष्य के लिए संघर्ष करना है।