पच्छाद में निवेश के नाम पर ठगी: FD और RD के नाम पर हड़पे लाखों; दो आरोपियों पर मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल पच्छाद के अंतर्गत निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है। द सर्वहित कोऑपरेटिव मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड के कथित एजेंटों पर स्थानीय लोगों को फिक्स्ड डिपॉजिट और आवर्ती जमा में ऊंचे ब्याज व सुरक्षित रिटर्न का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पुलिस ने पांच पीड़ितों की संयुक्त शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना पच्छाद में दर्ज शिकायत के अनुसार, बीते कल हिरदा राम पुत्र मोहन लाल सहित पांच पीड़ितों ने पुलिस को आपबीती सुनाई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पंकज शर्मा (निवासी बाईपास, सराहां) और ध्रुव शर्मा (निवासी बटोल, सराहां) ने खुद को “The Sarvhit Co-op. Multi Purpose Society Ltd.” का अधिकृत कमीशन एजेंट बताया।

आरोपियों ने स्थानीय लोगों को सोसाइटी की आर.डी. और एफ.डी. योजनाओं में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि अवधि पूरी होने पर उन्हें ब्याज सहित पूरी राशि वापस मिलेगी। विश्वास में आकर लोगों ने अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई उनके पास जमा करा दी। आरोपियों ने बाकायदा पासबुक और एफडी के फर्जी दस्तावेज भी जारी किए और उनमें एंट्रियां दर्ज कीं।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जब फिक्स्ड डिपॉजिट और आर.डी. की समय अवधि पूरी हो गई, तो उन्होंने अपने पैसों की मांग की। लेकिन आरोपियों ने न तो मूल राशि लौटाई और न ही उस पर बना ब्याज दिया। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उनके पैसों का दुरुपयोग और गबन किया है।

ठगी के शिकार हुए पीड़ितों की सूची में सबसे अधिक नुकसान रविंदर कुमार को उठाना पड़ा है, जिनसे आरोपियों ने ₹3.02 लाख ऐंठ लिए। वहीं पच्छाद निवासी हिरदा राम के ₹2.00 लाख, निर्भया के ₹1.69 लाख, देवी चंद के ₹53 हजार और हरीश के ₹30 हजार रुपये डूबे हैं। इसके अतिरिक्त पीड़ितों से हर महीने RD के नाम पर जो किश्तें ली जाती थीं, उस अतिरिक्त राशि का सटीक आकलन भी पुलिस द्वारा किया जा रहा है।

लाखों रुपये की ठगी का अहसास होने पर सभी पीड़ितों ने एकजुट होकर पच्छाद पुलिस थाने का रुख किया। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पंकज शर्मा और ध्रुव शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी ने कहा कि मामले में गहनता से जांच की जा रही है और सोसाइटी के रिकॉर्ड व दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।