पांवटा साहिब में 4.33 ग्राम चिट्टे के साथ रेणुका जी और संगड़ाह के दो युवक गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले में मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की एक विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए 4.33 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जिला सिरमौर के रेणुका जी और संगड़ाह तहसील के निवासियों के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर को पांवटा साहिब पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। जब पुलिस टीम विश्वकर्मा चौक के पास मौजूद थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दो युवक एक गाड़ी (नंबर HP12E-9445) में उत्तराखंड के विकासनगर की ओर से भारी मात्रा में हेरोइन लेकर पांवटा साहिब की तरफ आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गर्ल्स स्कूल पांवटा साहिब के पास संबंधित गाड़ी को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार भानू सूद (निवासी गांव रेणुका जी, तहसील रेणुका जी, जिला सिरमौर) और सूरज ठाकुर (निवासी गांव मड़ोली, डाकघर अंधेरी, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर) के कब्जे से 4.33 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। नशीला पदार्थ बरामद होने के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी में मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पांवटा साहिब पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है और इस बात का पता लगा रही है कि वे यह नशा कहां से लाए थे तथा इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी जांच व कानूनी कार्रवाई जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।