पांवटा साहिब में कमरऊ निवासी 2.722 किलो भुक्की के साथ गिरफ्तार, घर में छिपाकर रखी थी खेप

नाहन : सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब की ‘स्पेशल डिटेक्शन टीम’ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राजबन कांटा के समीप एक रिहायशी मकान में छापा मारकर 2.722 किलोग्राम चूरापोस्त (भुक्की) बरामद की है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को स्पेशल डिटेक्शन टीम, पांवटा साहिब की पुलिस टीम इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि राजबन कांटा के पास एक व्यक्ति अपने रिहायशी मकान में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ छिपाकर रखे हुए है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए मकान पर तुरंत छापेमारी की कार्रवाई अमल में लाई।

पुलिस टीम ने आरोपी बाबू राम (पुत्र भजीया राम), मूल निवासी गांव भजौन (तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर) तथा फिलहाल राजबन (मुगलावाला) में रह रहे आरोपी के रिहायशी मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में छिपाकर रखी गई 2.722 किलोग्राम चूरापोस्त (भुक्की) बरामद हुई। नशीला पदार्थ बरामद होते ही पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाबू राम को माननीय अदालत में पेश किया, जहाँ से अदालत ने उसे 3 दिन की में भेजने के आदेश दिए हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।