पांवटा साहिब में रॉन्ग साइड का कहर: ट्रक से टकराई बाइक; तीन लोग गंभीर घायल

नाहन : पांवटा साहिब के भूपपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने गलत दिशा से आकर ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने चश्मदीद के बयान के आधार पर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में केदारपुर (वार्ड नंबर-1, पांवटा साहिब) के रहने वाले चश्मदीद स्पर्श गुप्ता ने बताया कि बीती रात करीब 11:15 बजे वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर पांवटा मुख्य बाजार से अपने घर केदारपुर की तरफ जा रहा था। जब वह बाबा साहिब जादा चौक भूपपुर के पास पहुंचा, तो उसकी स्कूटी के आगे एक ट्रक चल रहा था।

उसी समय बातापुल की तरफ से एक मोटरसाइकिल आई, जिस पर तीन लोग सवार थे। मोटरसाइकिल चालक ने अपने वाहन को बेहद तेज रफ्तारी और लापरवाही से चलाते हुए गलत दिशा (Wrong Side) में डाल दिया और सीधे ट्रक के कंडक्टर साइड में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों व्यक्ति सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायलों की पहचान नरेंद्र कुमार (पुत्र स्वर्गीय सिरमौर सिंह), अमरजीत सिंह (पुत्र संगत सिंह) और विपिन शर्मा (पुत्र राम किशन) के रूप में हुई है, जो सभी नव विहार कॉलोनी, पांवटा साहिब के निवासी हैं। हादसे के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

उधर, पुलिस थाना पांवटा साहिब ने शिकायतकर्ता स्पर्श गुप्ता के बयान के आधार पर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(A) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की आगामी तफ्तीश की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।