पांवटा साहिब में सीवरेज की गंदगी से घरों में मास्क लगाने की आई नौबत, DC से लगाई गुहार

नाहन : नगर परिषद पांवटा साहिब के अंतर्गत आने वाले तारुवाला शिवा कालोनी (ABC Block) रिहायशी इलाकों में सीवरेज की समस्या अब आम जनता के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। पिछले चार वर्षों से गंदगी और बदबू के बीच रहने को मजबूर स्थानीय लोगों का धैर्य अब जवाब दे गया है। सोमवार को समाजसेवी नाथूराम चौहान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय नाहन पहुँचा और उपायुक्त (DC) सिरमौर को अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले चुनावों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।

समाजसेवी नाथूराम चौहान ने बताया कि वर्ष 2014 से देश में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, लेकिन पांवटा साहिब नगर परिषद की तस्वीर इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि सीवरेज का गंदा पानी खुले में बहने के चलते पूरे इलाके में असहनीय बदबू और गंदगी का माहौल है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों को अपने ही घरों के भीतर मास्क लगाकर बैठना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन को दर्जनों बार शिकायत देने के बावजूद अब तक केवल खोखले आश्वासन ही मिले हैं।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल स्थानीय निवासियों ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि पिछले 4 साल उनके लिए किसी सजा से कम नहीं रहे हैं। गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा होने के कारण संक्रामक बीमारियाँ फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि वे बार-बार स्थानीय अधिकारियों के चक्कर काट कर थक चुके हैं, इसीलिए आज उन्हें मजबूरन डीसी सिरमौर की चौखट पर आना पड़ा है।

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर के समक्ष अपनी मांग रखते हुए उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस मामले में कड़ा संज्ञान लेगा और संबंधित विभाग को तुरंत मरम्मत व सफाई के निर्देश जारी करेगा। लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे और सामूहिक रूप से चुनाव बहिष्कार जैसा कड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर उनके साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।