बद्दी के होटल में 2.06 ग्राम चिट्टे के साथ तीन गिरफ्तार, पुलिस की गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई

Photo of author

By पंकज जयसवाल

सोलन : हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बद्दी पुलिस की टीम ने एक अहम सफलता हासिल की है। 31 अक्टूबर को पुलिस थाना बद्दी को सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि मोतिया प्लाजा के समीप स्थित एक होटल के कमरे में कुछ व्यक्ति ठहरे हुए हैं और उनके पास अवैध नशीला पदार्थ (हेरोइन/चिट्टा) मौजूद है।

सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और कानून के सभी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए संबंधित होटल के कमरे में दबिश दी। नियमानुसार की गई तलाशी के दौरान पुलिस ने कमरे में मौजूद तीन व्यक्तियों के कब्जे से 2.06 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। इसके साथ ही मौके से नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न प्रकार की सामग्री व उपकरण भी जब्त किए गए।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ और प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपियों की पहचान अलादिता (निवासी गांव सल्हुईं, जिला चम्बा, हिमाचल प्रदेश), जैसी (निवासी गांव सनोहती, जिला चम्बा, हिमाचल प्रदेश) तथा मनोज (निवासी टिप्परी कॉलोनी, कालका, जिला पंचकूला, हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है और मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।