सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अवैध नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना बद्दी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए धर्मकांटा चौक के समीप एक किराए के कमरे से दो युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी इस खेप को ठिकाने लगाने और इसे स्थानीय स्तर पर बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को लेकर एक पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने धर्मकांटा चौक के पास स्थित एक किराए के कमरे में अचानक दबिश दी। कमरे की बारीकी से तलाशी लेने पर पुलिस को एक पर्स बरामद हुआ, जिसे खोलने पर उसके अंदर रखे पारदर्शी लिफाफे से 6.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से नशा तौलने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक पॉकेट स्केल (तराजू) और नकदी भी बरामद की है, जो इस बात का साफ संकेत है कि यहाँ से नशे की पुड़िया बनाकर बेची जा रही थीं।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय अमरदीप धीमान पुत्र सुखपाल, निवासी गांव चक्का, डाकघर कढुआणा, तहसील बद्दी, जिला सोलन और 30 वर्षीय लवली पुत्र भूपेन्द्र गर्ग, निवासी रिवालसर, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। इस रैकेट के पीछे जुड़े अन्य तस्करों और नशे की इस खेप के मुख्य सोर्स का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।