सोलन: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के जुड्डीकलां स्थित एक निजी कंपनी में आज एक भीषण हादसा पेश आया है। ‘अप्पा सामी प्रा. लि.’ कंपनी में नए ए.सी. यूनिट स्थापित करते समय अचानक ए.सी. का कंप्रेसर फट गया। इस धमाके की चपेट में आने से मंडी जिले के एक 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोलन का एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ऋषभ (20 वर्ष), पुत्र बलदीप, निवासी धर्मपुर, सरकाघाट (जिला मंडी) के रूप में हुई है। धमाका इतना जोरदार था कि ऋषभ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, मान सिंह, पुत्र रति राम, निवासी जोबरी, सोलन इस हादसे में घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बद्दी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे के कारणों का सटीक पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कंप्रेसर फटने की मुख्य वजह क्या थी।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। 20 वर्षीय युवक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।