सोलन : पुलिस जिला बद्दी द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरोटीवाला पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने भटौली कलां में टाईमैक्स कंपनी के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक को 9.21 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, बरोटीवाला थाना की विशेष गश्त टीम इलाके में मौजूद थी। उसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बाइक (नंबर HP12J-6865) को रोककर युवक की गहनता से तलाशी ली। जांच के दौरान मोटरसाइकिल के मीटर हेड वाइजर के भीतर चालाकी से छिपाकर रखी गई 9.21 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

नशे की खेप मिलते ही पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। आरोपी की शिनाख्त 21 वर्षीय अजय कुमार (निवासी गांव पट्टा, डाकघर कट्टल, तहसील रामशहर, जिला सोलन) के तौर पर हुई है। बरोटीवाला पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी ताकि नशे के इस नेटवर्क की अगली-पिछली कड़ियों का पता लगाया जा सके।
बद्दी पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या नशे की खरीद-बिक्री की जानकारी तुरंत पुलिस से साझा करें। सूचना प्रदान करने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।