माजरा में रास्ता रोककर व्यक्ति पर पत्थरों से हमला, चेहरे पर आई गंभीर चोटें; मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आते पुलिस थाना माजरा में मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकियां देने का एक मामला दर्ज हुआ है। वारदात रामपुर भारापुर क्षेत्र की है, जहाँ पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति पर पत्थर से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता कृष्ण चंद (पुत्र जग्गी राम), निवासी गांव भारापुर, डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहिब ने माजरा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि बीते कल शाम को जब वह रामपुर भारापुर क्षेत्र से गुज़र रहा था, तो देव राज (पुत्र संत राम), निवासी गांव भारापुर बंजारन ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, रास्ता रोकने के बाद आरोपी देव राज उसके साथ गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़ा करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास में पड़ा एक पत्थर हाथ में उठाकर सीधे कृष्ण चंद के मुंह पर दे मारा। पत्थर लगने से पीड़ित के मुंह और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और खून बहने लगा। मारपीट के दौरान आरोपी ने पीड़ित को जान से मारने की धमकियां भी दीं।

वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत माजरा पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत सौंपी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी देव राज के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित का मेडिकल करवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई और तफ़्तीश शुरू कर दी गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।