शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान का दौरा कर वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संस्थान के निर्माण और विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और इसमें किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।

अपने इस दौरे के दौरान सीएम सुक्खू ने अस्पताल के अलग-अलग विभागों में जाकर स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वार्डों में उपचाराधीन मरीजों से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने नर्सिंग स्टाफ से भी सीधा संवाद किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. बृज शर्मा सहित कई अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।