नाहन : उपमंडल राजगढ़ के अंतर्गत गांव जौला, डाकघर दाहन में घास काटने और जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी, रास्ता रोकने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
25 नवम्बर को पुलिस थाना राजगढ़ में दर्ज शिकायत के अनुसार, गांव जौला निवासी रीना देवी पत्नी संदीप ने बताया कि वह, उसकी बेटी स्वीटी और पति संदीप घास काटने के लिए घासिनी में गए थे। शिकायत के मुताबिक, दोपहर करीब 12:30 बजे उसका ससुर बेलीराम, देवर तथा परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे। आरोप है कि ससुर ने कहा कि वह उन्हें घास नहीं काटने देगा और जमीन का एक इंच भी नहीं देगा। इसके बाद ससुर व अन्य लोगों ने कथित तौर पर उन पर पत्थर फेंके, रास्ता रोका और मारपीट की।

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बेलीराम पुत्र स्वर्गीय साल्कू राम निवासी गांव जौला ने भी 25 नवम्बर को ही पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई है। बेलीराम के अनुसार, वह अपने बेटों अनदीप और विपिन के साथ घर के पास घासिनी में घास काट रहे थे। कुछ घास काटने के बाद दोपहर करीब 12 बजे उसका बड़ा बेटा संदीप, उसकी पत्नी रीना, पत्नी राधा और पोती स्वीटी कथित रूप से उनकी घासिनी में आए और उन पर पत्थर फेंकने लगे। बेलीराम का आरोप है कि जब उन्होंने पत्थर मारने से रोका, तो संदीप ने अनदीप के पास जाकर मारपीट की और बाद में विपिन के साथ भी मारपीट की गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों पर संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं और घटनाक्रम की सच्चाई व कारणों का पता लगाने के लिए आगामी अन्वेषण जारी है।