सोलन: युवाओं में संवैधानिक जागरूकता और नागरिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय सोलन के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माय भारत सोलन (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सोलन की प्राचार्य डॉ. शिवानी शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, उसके मूल सिद्धांतों, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

पीपीटी प्रस्तुति और ‘युवा संवाद’ में विद्यार्थियों ने सुलझाईं जिज्ञासाएं
इस अवसर पर युवा आइकॉन दामिनी सोनी ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से संविधान और युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। वहीं, डीएवी स्कूल कंडाघाट के सुरेंद्र ठाकुर ने बतौर रिसोर्स पर्सन शिरकत करते हुए विषय से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण युवा संवाद (प्रश्नोत्तर सत्र) रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापकों और युवा आइकॉन के साथ सीधा संवाद किया और विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
प्राध्यापकों को किया गया सम्मानित
इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. शिवानी शर्मा के साथ-साथ राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. बी. एन. कमल और सहायक आचार्य डॉ. प्रियंका मुल्तानी को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा किया गया और अंत में डॉ. प्रियंका मुल्तानी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।