सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन की एन.सी.सी. सीनियर अंडर ऑफिसर परिणीता ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय सहित पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। एनसीसी के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी व उल्लेखनीय योगदान के लिए महानिदेशक एनसीसी (डीजी एनसीसी) की ओर से उन्हें कमेंडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।

परिणीता ने वर्ष 2025-26 में नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस शिविर के मार्च पास्ट में अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। इसके अलावा, वर्ष 2026 में रूस में आयोजित युवा एक्सचेंज प्रोग्राम (वाईईपी) में भी उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ। इन दोनों प्रमुख मंचों पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया है।
परिणीता की इस उपलब्धि पर राजकीय महाविद्यालय सोलन की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी परिणीता की सफलता पर खुशी जताई है। प्राचार्या और महाविद्यालय परिवार ने कहा कि परिणीता की यह सफलता महाविद्यालय की एनसीसी इकाई के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।