राजगढ़ में डिटेक्शन सेल ने 2.65 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के दो तस्कर दबोचे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : डिटेक्शन सेल राजगढ़ की पुलिस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 2.65 ग्राम चिट्टे (हेरोइन/स्मैक) के साथ दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन सेल राजगढ़ की विशेष पुलिस टीमबीते कल क्षेत्र में गश्त और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थी। इसी दौरान पुलिस टीम जब चुरुवाधार के पास मौजूद थी, तो उन्हें एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि नोहराधार की तरफ से राजगढ़ की ओर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (नंबर PB05 AE 8248) आ रही है, जिस पर सवार युवक अपने साथ चिट्टा लेकर आ रहे हैं।

सूचना की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस टीम ने तुरंत चुरुवाधार के पास नाकाबंदी कर दी और उक्त वाहन के पहुँचने पर उसकी घेराबंदी कर उसे रोक लिया। वाहन को रोकने के बाद पुलिस ने जब चालक और उसमें सवार दूसरे व्यक्ति से पूछताछ की और उनकी तलाशी ली, तो उनकी पहचान पंजाब के फिरोजपुर जिले के रूप में हुई। आरोपियों की पहचान अतुल वर्मा पुत्र सीता राम वर्मा और चेतन पुत्र रवि कुमार, फिरोजपुर कैंट, तहसील व जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है।

मौके पर गवाहों और नियमानुसार पूरी पारदर्शिता के साथ दोनों आरोपियों की तलाशी ली गई। तलाशी प्रक्रिया के दौरान उनके कब्जे से कुल 2.65 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस प्रशासन ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना राजगढ़ में मादक द्रव्य एवं मनप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशे की खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे सिरमौर क्षेत्र में किसे सप्लाई किया जाना था। इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी गहनता से छानबीन की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।