राजगढ़ में दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यक्ति से रास्ते में मारपीट, सिर में आई चोटें; 4 के खिलाफ मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पुलिस थाना राजगढ़ के तहत एक दुकानदार के साथ देर रात मारपीट करने और रास्ता रोककर हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात 1 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि की बताई जा रही है, जब पीड़ित अपनी दुकान बंद कर अपनी गाड़ी से घर लौट रहा था। शिकायतकर्ता अनिल कंवर (पुत्र रणदीप कंवर), निवासी गांव खेड़ाधार, डाकघर भूईरा, तहसील राजगढ़ की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

शिकायत के अनुसार, अनिल कंवर राजगढ़ स्थित अपनी दुकान बंद करके अपनी कार ( HP63E-2029) से अपने गांव खेड़ाधार लौट रहा था। रात लगभग 12:00 बजे जब वह गांव में संजीव अत्री के घर के नीचे पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद संजीव अत्री, सूरज अत्री, राजीव कंवर और उसकी पत्नी सीमा ने अचानक उसकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो आरोपियों ने उसके साथ बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते उसे धक्का देकर मारपीट करने लगे। हमले के दौरान अनिल कंवर को निशाना बनाया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

मारपीट के दौरान पीड़ित ने जैसे-तैसे खुद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और भागकर अपनी गाड़ी में बैठकर सुरक्षित घर पहुंचा। इसके बाद उसने पुलिस थाना राजगढ़ पहुंचकर घटना की आपबीती सुनाई और चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर चारों आरोपियों संजीव अत्री, सूरज अत्री, राजीव कंवर और सीमा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस थाना राजगढ़ की टीम मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण करवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।