नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ विकास खंड में एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियां गांव में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे साफ और सामान्य मौसम के बीच एक दो मंजिला रिहायशी मकान अचानक जमींदोज हो गया। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से मां और उनकी गर्भवती बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार की बहू और दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पेश आया। उस समय घर के मालिक भीम सिंह चौहान किसी काम से बाहर गए हुए थे और घर के अंदर कुल पांच लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिना किसी आहट के अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा, जिससे पूरे इलाके में जोरदार धमाका हुआ और चीख-पुकार मच गई। मकान गिरने के साथ ही अंदर मौजूद सभी पांचों सदस्य भारी-भरकम मलबे के नीचे दब गए।

घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत और भारी मलबे को हटाने के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इसके तुरंत बाद घायलों को एम्बुलेंस व निजी वाहनों की मदद से नागरिक अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया।
चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद भीम सिंह चौहान की 57 वर्षीय पत्नी निर्मला और उनकी 32 वर्षीय गर्भवती बेटी पूजा को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतका पूजा का ससुराल हरिपुरधार के भवाई गांव में है और वह कुछ दिन पहले ही अपने मायके आई हुई थी। राजगढ़ अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने पूजा के पेट में पल रहे शिशु को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद शिशु को भी नहीं बचाया जा सका।
इस दर्दनाक हादसे में भीम सिंह की बहू शबनम, उनकी एक वर्षीय बेटी अभियाना और मृतका पूजा की डेढ़ वर्षीय बेटी ईरा घायल हुई हैं। गनीमत यह रही कि तीनों को समय रहते मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। नागरिक अस्पताल राजगढ़ में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है, जहां फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुँच कर स्थिति का जायजा लिया है। पुलिस द्वारा मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अचानक मकान ढहने के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।