रेणुका जी में बीच जंगल में गाड़ियां रोककर तोड़फोड़, चालकों को जान से मारने की धमकी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह-रेणुका जी सड़क मार्ग पर एक गंभीर घटना सामने आई है, जहाँ कुछ स्थानीय ट्रक चालकों और अन्य लोगों द्वारा जबरन गाड़ियों को रोककर उनमें तोड़फोड़ की गई और चालकों को जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में पुलिस थाना रेणुका जी में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

अनुसार, यह घटना 10 अक्टूबर 2026 की रात को करीब 10:00 बजे से 11:00 बजे के बीच बीच जंगल सड़क (संगड़ाह-रेणुका जी मार्ग) पर घटी। शिकायतकर्ता रामस्वरुप (निवासी नेरा बागा, डाकघर रजाना, तहसील संगड़ाह) सहित कई अन्य ट्रक/टिप्पर मालिकों और चालकों ने पुलिस थाना रेणुका जी में एक संयुक्त शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ितों का आरोप है कि घटना की रात 2 से 3 गाड़ियों (जिनमें गाड़ी संख्या HP71A-5907, HP18B-0171 और एक अन्य वाहन शामिल था) में सवार होकर कुछ लोग आए और उन्होंने उनकी गाड़ियों को जबरन रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने वहाँ मौजूद चालकों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की।

आरोपियों ने गाड़ियों के साथ जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने वाहनों के टायर फाड़ दिए, इलेक्ट्रिकल वायरिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया और अन्य हिस्सों को भी भारी नुकसान पहुँचाया। इस दौरान मौके पर कुछ गाड़ियों को जबरन खाली भी करवाया गया, जबकि जो गाड़ियाँ खाली नहीं हो पाईं, उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

पीड़ित चालकों और मालिकों ने पुलिस को बताया कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि “अगर तुम कल से दोबारा गाड़ी भरकर आए तो तुम्हें गाड़ी के साथ जिंदा जला देंगे”। इस घटना के बाद से स्थानीय चालकों और वाहन मालिकों में अपनी जान और माल को लेकर भारी डर का माहौल है।

शिकायतकर्ताओं (रामस्वरुप, शुभम, निशान्त, दुर्गाराम, रामशरण, सुनिल कुमार, विरेन्द्र, अमित, संदीप, कपिल, इन्द्र सिंह, यशपाल, प्रेमसिंह और विनोद) की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 14 स्थानीय ट्रक चालकों व अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में नामजद आरोपियों में सुरेन्द्र सिंह, रविन्द्र सिंह, रोहित, जयपाल, इन्द्र सिंह, तेजेन्द्र, विनोद, धनवीर, रवि कुमार, गीता राम, धनवीर, राम सिंह, राजेन्द्र सिंह तथा पवन शामिल हैं।

पुलिस थाना रेणुका जी में उक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में आगामी अन्वेषण व कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है। पीड़ित पक्षों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दंगाई प्रवृत्ति के लोगों पर तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।