शिमला में भीषण सड़क हादसा: मां-बेटे समेत 5 की दर्दनाक मौत, 1 गंभीर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

शिमला : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू के अंतर्गत नावर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। रोहड़ू थाना (पुलिस चौकी टिक्कर) के तहत दरोटी संपर्क मार्ग पर पानु नाला के पास सुबह करीब 8:20 बजे एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में मां-बेटे और तीन नेपाली मूल के मजदूरों सहित 5 लोगों की मौके पर ही असामयिक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।

प्राारंभिक जानकारी के अनुसार, दरोटी निवासी कुशल अपनी माता कल्पना देवी और नेपाली मजदूरों के साथ कार में सवार होकर घास काटने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दरोटी गांव के समीप पानु नाला के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।

हादसे में जान गंवाने वाले स्थानीय निवासियों की पहचान कुशल (पुत्र प्रमोद) और उनकी मां कल्पना देवी (पत्नी प्रमोद) निवासी गांव दरोटी के रूप में हुई है। वहीं, अन्य तीन मृतकों में नेपाल मूल की निर्मला (पत्नी पवन), मीना (पत्नी प्रेम) और रोशनी (पुत्री प्रेम) शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

हादसे में घायल हुए एक व्यक्ति को तुरंत नजदीकी रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए IGMC शिमला रेफर कर दिया गया है। तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह फिश्टा ने हादसे की पुष्टि की है। प्रशासन की ओर से मृतकों के शोक-संतप्त परिजनों को 15-15 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोक-संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और घायल व्यक्ति को IGMC शिमला में समुचित व बेहतरीन उपचार देने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद दरोटी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।