नाहन : सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल में हुए चर्चित ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 8 दिन में पर्दाफाश कर दिया है। चलती बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति की मौत कोई दुर्घटना या इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विनोद कुमार पुत्र ग्यार सिंह, निवासी कथयाड, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को आज गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शिलाई अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया गया है और मामले में आगामी गहन अनुसंधान जारी है।
प्राथमिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी की बहन सुमन को मृतक खजान सिंह के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने की बात सामने आई थी। इसी पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपी विनोद ने सोची-समझी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस थाना शिलाई में BNS की धारा 103(1), 109(1), 115(2) एवं Arms Act की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटनास्थल का एसएफएसएल जुन्गा की विशेषज्ञ टीम, पुलिस अधीक्षक सिरमौर और एसडीपीओ पांवटा साहिब द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक सिरमौर के दिशा-निर्देशों पर डीएसपी मानवेद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में एक विशेष अन्वेषण दल का गठन किया गया था, जिसमें स्थानीय पुलिस और साइबर सेल नाहन के अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। एसआईटी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाया।
गौरतलब है कि यह सनसनीखेज वारदात 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे पेश आई थी। रविन्द्र सिंह (निवासी क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी) अपने चचेरे भाई 55 वर्षीय खजान सिंह के साथ बाइक (HP71A-4396) पर सवार होकर गांव चांदपूर धार से घर लौट रहे थे। रास्ते में कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक एक धमाके की आवाज सुनाई दी और पीछे बैठे खजान सिंह अचेत होकर बाइक से नीचे गिर पड़े।
उस समय रविन्द्र और परिजनों को लगा कि शायद पहाड़ी से कोई पत्थर आकर उनके सिर पर लगा है। गंभीर रूप से घायल खजान सिंह को तुरंत पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया।
मामले में नया मोड़ तब आया, जब शाम को घर लौटने पर रविन्द्र ने अपने हेलमेट के पिछले हिस्से में एक छेद देखा। जांच करने पर हेलमेट के अंदर से धातु की एक गोली बरामद हुई, जिसके बाद स्पष्ट हुआ कि गोली खजान सिंह के सिर को भेदती हुई रविन्द्र के हेलमेट में जा धंसी थी। इस खुलासे के बाद रविन्द्र की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।