शिलाई: लोजा स्कूल में नए कमरों का उद्घाटन, हर्षवर्धन बोले- क्षेत्र में 500 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत लोजा मानल में राजकीय उच्च विद्यालय लोजा के 15 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें अधिकांश निर्माणाधीन हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है तथा प्रदेश के 157 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। इनमें शिलाई, सतौन और कफोटा के विद्यालय भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि इस कार्यकाल में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में 125 से अधिक कमरों का निर्माण करवाया गया है।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों के आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। कमरऊ, सतौन, टिंबी, चांदनी, पनोग और कोटा पाब में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है, हाल ही में कांटी मशवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का लोकार्पण किया जा चुका है, हलॉं में भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला गया है। जबकि स्वास्थ्य उपकेंद्र उत्तरी और ठोंठा जाखल में भी स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू की गई हैं।

उन्होंने बताया कि शिलाई अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टर और 12 नर्सें सेवाएं दे रही हैं। मरीजों की सुविधा के लिए लगभग 25 लाख रुपये की लागत से नई एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है। इसके अतिरिक्त लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाले पांच मंजिला आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 15 करोड़ रुपये की लागत छ: मंजिला मिनी सचिवालय भवन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है जिसके पूर्ण होते ही क्षेत्रवासियों को एक ही छत के नीचे सभी कार्यालय मिलेगें, जिससे उन्हें एक स्थान पर ही सभी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा की 19 करोड़ की लागत से द्राबिल से नाया पजोंड रोड का सुदृढ़ीकरण तथा इसे पक्का भी किया जा रहा है, यह रोड इस क्षेत्र की जीवन रेखा है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के साथ युवाओं को योग्यता और मेरिट के आधार पर रोजगार के समान अवसर उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयासरत है, जिस के दृष्टिगत लगभग 50 हजार पोस्टें भरी गई है तथा हाल ही में मंत्रिमंडल की बैठक में पंद्रह हज़ार पदों को स्वीकृति दी गई है आने वाले समय में और पद भी भरे जाएंगे।उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विभिन्न विकास परियोजनाओं के पूरा होने से शिलाई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना बहाल कर लगभग 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभान्वित किया है। इस निर्णय से कर्मचारियों और उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी किया है।

इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, महाप्रबंधक उद्योग रचित शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, बीडीओ रवि प्रकाश जोशी, डीजीएम मे. रिच प्रोडेक्ट्स एंड सोल्युशन संदीप निसांद, एसडीओ लो.नि.वी. अनिल शर्मा, पंचायत समिति सदस्य यशपाल ठाकुर तथा मदन पोस्ट, प्रधान लॉजा मानल प्रदीप, प्रधान हलॉं मोनिका देवी, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष मस्त राम प्राशर, ओएसडी अत्तर राणा, शिलाई जॉन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश नेगी, पूर्व प्रधान पनोग जगत राम शर्मा, ई.आई. उद्योग काका राम शर्मा, ऑफिसेटिंग हेडमास्टर दलीप मालवीय, एसएमसी अध्यक्ष सुनील,पूर्व प्रधान नीता राम शर्मा, एच आर मालवीय, ब्रह्मदत्त, रामानंद, लायक राम, सतपाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।