श्री रेणुका जी में बड़ा हादसा: टाइलें लेकर जा रही पिकअप पलटी, जामू-कोटि के युवक की दर्दनाक मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पुलिस थाना श्री रेणुका जी के अंतर्गत खदाल बाईरी नाला के पास एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है, जहाँ तेज रफ्तार पिकअप के बेकाबू होकर पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि अन्य सवार लोग घायल हो गए हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब दुकान से टाइलें लोड करके खदाल की ओर ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मनीष (निवासी गांव कठवार, डाकघर उदैना कठवार, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बीते कल की सुबह उन्होंने रेणुका जी पुलिस थाना के पास स्थित कपिल की दुकान से टाइलें खरीदी थीं। इन टाइलों को खदाल में अनलोड करने के लिए उन्होंने तीन मजदूरों—मुकेश, सनिया राम और सुखदेव को काम पर लगाया था। तीनों मजदूरों ने पिकअप (नंबर HP71-4757) में टाइलें लोड कीं और सामान उतारने के लिए पिकअप की पिछली बॉडी में बैठ गए, जबकि मनीष खुद चालक मनोज कुमार के साथ केबिन में आगे बैठ गए।

सुबह करीब 10:30 बजे जब पिकअप खदाल बाईरी नाला के समीप पहुँची, तो तेज रफ्तार होने के कारण चालक मनोज कुमार वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते पिकअप बेकाबू होकर सड़क से बाहर बाईं तरफ पलट गई। हादसे में पिकअप की बॉडी में बैठे मजदूर सनिया राम (निवासी जामु-कोटि) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घायलों को उपचार के लिए पहुँचाया और मृतक के शव को कब्जे में लिया। SP सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना श्री रेणुका जी में आरोपी चालक मनोज कुमार के खिलाफ तेज व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।