श्री रेणुका जी में बाइक स्किड होने से कांसर डबरोग के व्यक्ति की मौत

नाहन: पुलिस थाना श्री रेणुका जी के अंतर्गत बायला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अरुण लाल पुत्र चमेल सिंह के रूप में हुई है, जो सिरमौर जिला की ददाहू तहसील के गांव कांसर डबरोग के रहने वाले थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार को पेश आया। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, अरुण लाल अपनी मोटरसाइकिल (नंबर HP17D-1830) पर सवार होकर जा रहे थे। बायला के समीप अचानक उनकी बाइक कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर स्किड गई। बाइक से गिरने के कारण अरुण लाल को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही रेणुका जी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने इस दुर्घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।