श्री शिरगुल महाराज की पवित्र जातर 27 जून को जन्मस्थली शाया से होगी रवाना

नाहन : देवभूमि हिमाचल के सिरमौर और शिमला जिला के आराध्य देव शिरगुल महाराज की पवित्र जातर इस वर्ष 27 जून को उनकी जन्मस्थली शाया से चूड़धार स्थित पवित्र स्नान के लिए रवाना होगी। चूड़धार यात्रा और देव परंपराओं को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस धार्मिक यात्रा के सफल संचालन को लेकर नो ताबीन के मुखिया निवेश ठाकुर ने विस्तृत जानकारी साझा की है, जिसमें यात्रा के पड़ावों और धार्मिक मर्यादाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

मुखिया निवेश ठाकुर ने बताया कि परंपरा के अनुसार जातर का पहला पड़ाव बांगा पानी में होगा। यहाँ पहुँचने पर सभी श्रद्धालु और ताबीन रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान बांगा पानी में पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ देव पूजन संपन्न किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 28 जून की अल सुबह जातर अपने मुख्य गंतव्य चूड़धार के लिए प्रस्थान करेगी। पाछले मोड़ पहुँचने के बाद सभी श्रद्धालु चूड़धार की ऊंची चोटियों की ओर रवाना होंगे, जहाँ मुख्य मंदिर परिसर के समीप भगवान शिरगुल महाराज का पवित्र स्नान संपन्न करवाया जाएगा। पवित्र स्नान और पूजा-अर्चना के उपरांत जातर वापस लौटेगी तथा इस रात का विश्राम पाछले मोड़ में किया जाएगा। इसके बाद 29 जून को जातर वापस अपने मूल स्थान यानी जन्मस्थली शाया पहुंचेगी।

यात्रा के सुचारू आयोजन के लिए निवेश ठाकुर ने सभी ताबीनों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि देव परंपराओं के निर्वहन में जिसकी जो भी काराभारी जिम्मेदारी तय की गई है, वे अपने दायित्वों का पूरी श्रद्धा, निष्ठा और ईमानदारी के साथ पालन करें। उन्होंने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि पूरी जातर और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करना अथवा उसे साथ लेकर चलना पूर्णतः वर्जित रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति इन नियमों की अवहेलना करता है, तो वह देव दोष का भागीदार माना जाएगा।

मुखिया ने सभी आम श्रद्धालुओं और जातरियों से भी अनुरोध किया है कि वे यात्रा के दौरान पूर्ण अनुशासन बनाए रखें, सदियों पुरानी देव परंपराओं का सम्मान करें तथा धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए इस पावन यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने में अपना सहयोग दें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।