संगड़ाह: भूमि निशानदेही के वीडियो-फोटो एडिट कर वायरल करने के आरोप में मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के संगड़ाह के अंतर्गत न्यायालय के आदेश पर हुई भूमि की निशानदेही से जुड़े मामले में एक नया मोड़ आया है। पुलिस ने निशानदेही की कार्रवाई के वास्तविक तथ्यों को कथित रूप से तोड़-मरोड़कर पेश करने और सोशल मीडिया पर एडिटेड फोटो व वीडियो वायरल करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई विक्रम चौहान की शिकायत के आधार पर अमल में लाई है।

पुलिस थाना संगड़ाह में दर्ज शिकायत के अनुसार, तपेन्द्र सिंह और कमलेश देवी के बीच विवादित भूमि का मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। अदालत के आदेशों की पालना करते हुए गत 10 सितंबर 2026 को राजस्व अधिकारियों कानूनगो वीरेंद्र धीमान और पटवारी संदीप द्वारा स्थानीय व्यक्तियों राजेंद्र सिंह, जगत राम और शरद चौहान की मौजूदगी में इस विवादित भूमि की विधिवत निशानदेही की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्वक संपन्न हुई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कमलेश देवी ने ‘कृति भूमि’ सोशल मीडिया न्यूज चैनल के संपादक राजेंद्र कुमार के साथ कथित तौर पर मिलीभगत और षड्यंत्र के तहत इस पूरी कार्रवाई के वास्तविक तथ्यों को जनता के सामने गलत तरीके से प्रस्तुत किया।आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से निशानदेही के दौरान खींचे गए फोटोग्राफ्स और वीडियो को कथित रूप से एडिट व परिवर्तित करके इस प्रकार दिखाया गया जिससे भ्रामक स्थिति पैदा हुई।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना संगड़ाह में संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई सामग्री में किस तरह की छेड़छाड़ की गई थी और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed