सोलन: अर्की के विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा अर्की की जनसभा में दिए गए बयानों पर कड़ा पलटवार किया है। सोलन में आयोजित एक पत्रकारवार्ता के दौरान अवस्थी ने पूर्व मुख्यमंत्री के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि एक वरिष्ठ नेता होने के नाते उन्हें सार्वजनिक मंचों पर संयम और भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। स्वयं को दो बार का विधायक बताते हुए उन्होंने जयराम ठाकुर को अर्की विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।

बस सेवा पर दी सफाई, बोले 68 विधायकों में अकेला हूं जिसने नहीं ली सुरक्षा
अपनी कार्यशैली और बस सेवा से जुड़े विवाद पर स्थिति स्पष्ट करते हुए अवस्थी ने कहा कि उनके घर तक चलने वाली बस सेवा बंद नहीं हुई है, बल्कि केवल चंडीगढ़ से आगे का रूट प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि इस विषय को धर्मशाला विधानसभा सत्र में भी उठाया गया था और नई बसें उपलब्ध होते ही इस सेवा को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। अपनी कार्यशैली का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 68 विधायकों में वे एकमात्र ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने न तो पीएसओ लिया है और न ही एस्कॉर्ट सुविधा ली है।
अर्की में अधूरे कामों को लेकर पूर्व भाजपा सरकार को घेरा
पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि दाड़लाघाट सीएचसी भवन का निर्माण कार्य उनके समय में अधूरा रह गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने चुनाव से पूर्व विभिन्न संस्थानों और दाड़लाघाट बीडीओ कार्यालय की घोषणाएं तो कर दीं, लेकिन उनके लिए पद सृजित नहीं किए। इसके विपरीत, वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने न केवल पदों का सृजन किया है, बल्कि अर्की के विकास के लिए भी ठोस कदम उठाए हैं।
सिराज के खाली भवनों और पुराने विवादों पर उठाए सवाल जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सिराज का हवाला देते हुए संजय अवस्थी ने आरोप लगाया कि वहां करोड़ों रुपये की लागत से बने कई भवन वर्तमान में खाली पड़े हैं। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान भूमि आवंटन, पुलिस भर्ती और पेपर लीक जैसे मामलों में हुई अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कोविड काल में एक मंत्री के इस्तीफे से जुड़े विवादों को भी प्रेस वार्ता में प्रमुखता से रखा।
केंद्रीय मदद, किशाऊ परियोजना और तथ्यों की राजनीति
वित्तीय सहायता का जिक्र करते हुए पूर्व सीपीएस ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश को राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) के रूप में लगभग 54 हजार करोड़ रुपये सहित कुल करीब 70 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। उन्होंने किशाऊ परियोजना में वर्तमान प्रदेश सरकार के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया। विधानसभा सत्र का उल्लेख करते हुए अवस्थी ने कहा कि नियम 67 के तहत हुई चर्चा में उन्होंने पूरे आंकड़ों के साथ अपना पक्ष रखा था। उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय तथ्यों पर बात होनी चाहिए।