सराहां में दबंगई: किसान को पहले दुकान के पास पीटा… फिर रास्ता रोककर दोबारा कूटा!

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सराहां स्थित सब्जी मंडी में मारपीट और रास्ता रोककर गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। सब्जी मंडी में रेट को लेकर हुई बहसबाजी के बाद नशे में धुत व्यक्तियों द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता संजीव कुमार (निवासी गांव सनौन, डाकघर भैलन, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर) ने पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज करवाया है कि 10 सितंबर की शाम करीब 8:00 बजे वह अपनी सब्जी बेचने के लिए सराहां सब्जी मंडी पहुँचा था। मंडी में एक दुकान के पास शराब के नशे में धुत दो व्यक्ति अपने साथी के साथ मौजूद थे, जिन्हें संजीव पहले से अच्छी तरह जानता-पहचानता है।

सब्जी के रेट तय करने को लेकर बातचीत के दौरान उन व्यक्तियों में से दो लोगों ने संजीव के साथ अकारण बहसबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि उन्होंने बारी-बारी से संजीव के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।

जब पीड़ित संजीव कुमार किसी तरह जान छुड़ाकर वहाँ से वापस लौटने लगा, तो आरोपी व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने दोबारा उसके साथ मारपीट की और खुलेआम गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद पीड़ित ने पच्छाद पुलिस थाना पहुँचकर आपबीती सुनाई और शिकायत दर्ज करवाई।

SP सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पीड़ित संजीव कुमार की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पच्छाद पुलिस थाना की टीम आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की विस्तृत छानबीन में जुट गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।