नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की उद्घोषित पीओ सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले करीब 6 वर्षों से चकमा दे रहे एक भगोड़े आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को पड़ोसी राज्य हरियाणा के जींद से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश शर्मा (पुत्र स्वर्गीय मोहिंदर पाल), निवासी सुनरा गली, नरवाना, जिला जींद (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में थाना माजरा में भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 337 (दूसरों का जीवन खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना के बाद से ही आरोपी लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था और अदालत की कार्यवाहियों से बच रहा था, जिसके चलते उसे कानूनन उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर थाना माजरा लाया गया है, जहाँ उसके खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपी को जल्द ही माननीय अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।