सिरमौर की बेटी अदिति ने कुश्ती में जीता स्वर्ण पदक, नेशनल में करेंगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हमीरपुर में संपन्न हुई अंडर-19 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सिरमौर जिले के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार की दसवीं कक्षा की छात्रा अदिति ने अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस स्वर्णिम सफलता के साथ ही अदिति का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हो गया है। इस उपलब्धि के बाद विद्यालय परिसर में पहुँचने पर अदिति, उनके पिता संदीप ठाकुर, माता नीरज ठाकुर, ताई जी एवं पूर्व एसएमसी अध्यक्ष पूनम ठाकुर तथा शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता व कोच मधु पुंडीर का स्कूल परिवार द्वारा फूल-मालाओं और आत्मीयता के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य सुरेन्द्र पुंडीर ने अदिति और उनके परिवार को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को स्कूल के लिए ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि अदिति का यह मुकाम अन्य छात्र-छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। इस दौरान उन्होंने शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता मधु पुंडीर और शारीरिक शिक्षक शशिपाल चौहान के समर्पित प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने बताया कि दोनों खेल शिक्षकों ने विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्रभावित किए बिना, रोजाना सुबह 8 बजे से पहले और शाम को 5 से 6 बजे तक अतिरिक्त समय देकर खिलाड़ियों को तराशने का काम किया है।

कार्यकारी प्रधानाचार्य ने विद्यालय की अन्य उपलब्धियों का ब्योरा देते हुए बताया कि इस शैक्षणिक सत्र में स्कूल के खिलाड़ियों ने खंड से लेकर राज्य स्तर तक अपनी श्रेष्ठता साबित की है। अंडर-19 छात्र वर्ग में स्कूल ने ब्लॉक स्तर पर वॉलीबॉल व योग में पहला और बैडमिंटन में उपविजेता रहकर ओवरऑल सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का खिताब अपने नाम किया। वहीं छात्रा वर्ग में ब्लॉक स्तर पर योग तथा जिला स्तर पर कुश्ती और जूडो में कुल 8 पदक जीतकर जूडो स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त, अंडर-14 आयु वर्ग में भी नौहराधार क्लस्टर ने खंड स्तर पर 5 ट्रॉफियां जीती हैं और वर्तमान में जिला स्तरीय स्पर्धाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान खेल प्रवक्ता मधु पुंडीर ने प्रदेश सरकार और विशेष रूप से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली प्रदेश की बेटियों के लिए जो भारी प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया गया है, वह बेहद सराहनीय है। इस तरह के दूरदर्शी निर्णयों और सरकारी प्रोत्साहन से अदिति जैसी हजारों प्रतिभावान ग्रामीण बेटियों और उनके अभिभावकों को खेलों को एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में अपनाने की नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।