नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल अंतर्गत डिंगरी सर्जेट गांव में मंगलवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरते वक्त कार एक पेड़ से टकराकर अधर में लटक गई।
हादसे के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डिंगरी सर्जेट (ग्राम पंचायत लाल टिक्कर) निवासी तपेंद्र सिंह (पुत्र जोगिंदर सिंह) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में उनकी पत्नी प्रभा देवी भी घायल हुई हैं, जिनका इलाज सिविल अस्पताल सराहां में चल रहा है। वहीं, कार चला रहे तपेंद्र सिंह के जीजा बलवंत सिंह (निवासी मरयोग) की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सिरमौर जिले में मंगलवार तड़के से ही भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे विभिन्न स्थानों पर गाड़ियां फंसी हुई हैं और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।