सिरमौर: पच्छाद में बिना परमिट ले जा रहे बिरोजा के 119 टिन पकड़े; दो लोगों पर मामला दर्ज

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने अवैध गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिरोजा के 119 टिनों की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बिना किसी वैध दस्तावेज और परमिट के बिरोजा का रात्रिकालीन परिवहन कर रहे दो युवकों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल रात जब पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान कांगर घाट से आगे धरयार कैंची के पास पुलिस टीम को एक पिकअप वाहन ( HP71-4518) आता हुआ दिखाई दिया। पिकअप के डाले को नीले रंग की तिरपाल से ढका गया था, जिससे उसमें रखा सामान संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तुरंत वाहन को रोककर तलाशी ली और सवार लोगों से पूछताछ की।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में वाहन चालक ने अपनी पहचान सर्वेश ठाकुर (पुत्र जगमोहन सिंह, निवासी गांव बन्नो, डाकघर शाडिया, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर) के रूप में दी। वहीं, उसके साथ वाली सीट पर बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम रोबिन (पुत्र प्रेमलाल ठाकुर, निवासी गांव कथेड़, डाकघर मल्होटी, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर) बताया।

जब पुलिस ने तिरपाल हटाकर वाहन के डाले की गहनता से तलाशी ली, तो उसके अंदर से बिरोजा के कुल 119 टिन बरामद हुए। रात के समय बिरोजा के परिवहन को लेकर जब पुलिस अधिकारियों ने चालक व उसके साथी से वैध पास, लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत करने को कहा, तो दोनों आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

पुलिस ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे बिरोजा के सभी 119 टिनों और वाहन को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।