सिरमौर: स्कूल देरी से आने का मामला गरमाया, दूसरे शिक्षक को 3 दिन में जवाब देने के आदेश

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के शिक्षा खंड सतौन के अंतर्गत आने वाली राजकीय प्राथमिक पाठशाला परवा-लवागो में सामने आए लापरवाही के मामलों में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने शिकंजा कस दिया है। विभाग ने इस मामले में संलिप्त जेबीटी अध्यापक अजय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर लिखित जवाब तलब किया है।

प्रारंभिक शिक्षा विभाग द्वारा हाल ही में स्कूल के रिकॉर्ड और अटेंडेंस की गहन जांच की गई, जिसमें कई गंभीर खुलासे सामने आए हैं। विभाग के अनुसार, उक्त अध्यापक द्वारा अक्टूबर और नवंबर महीने के दौरान 23-10-2026 से 11-11-2026 तक ‘स्विफ्ट चैट ऐप’ (Swift Chat App) पर अपनी ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं की गई थी। इसके अतिरिक्त, जांच में यह भी पाया गया कि अध्यापक स्कूल में निर्धारित समय पर नहीं, बल्कि देरी से पहुंचे थे।

गौरतलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया और विभिन्न न्यूज चैनलों पर परवा-लवागो स्कूल के एक अध्यापक के समय पर न पहुंचने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया था। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन पर भी शिकायतें दर्ज की गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर के निर्देशों पर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट तलब की गई थी।

इस प्रकरण में विभाग ने दोहरी और कड़ी कार्रवाई की है। सबसे पहले, विद्यालय में देरी से पहुंचने के वायरल वीडियो और ग्रामीणों के विरोध के बाद संबंधित अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था, जिनका मुख्यालय शिक्षा खंड प्रारंभिक कार्यालय, रोनहाट निर्धारित किया गया है। इसके उपरांत, रिकॉर्ड की जांच के बाद दूसरे JBT अध्यापक अजय कुमार को भी आज कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके उपरांत फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट के आधार पर आगामी विभागीय व नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed